
विद्यालय में 240 बालक और 240 बालिकाओं समेत कुल 480 विद्यार्थियों की क्षमता होगी..
उधम सिंह नगर:खटीमा में आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखण्ड आदि रंगोत्सव में जनजातीय संस्कृति, शिक्षा और विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल को याद किया और कहा कि वर्ष 1999 में जनजातीय कार्य मंत्रालय के गठन के बाद जनजातीय समुदायों के योजनाबद्ध विकास को संस्थागत रूप दिया गया।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए घोषणा की कि खटीमा स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के विस्तार और सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार करीब ₹10 करोड़ खर्च करेगी। लगभग ₹4 करोड़ की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है और निर्माण जल्द शुरू होने की बात कही गई। विद्यालय में 240 बालक और 240 बालिकाओं समेत कुल 480 विद्यार्थियों की क्षमता होगी।
उन्होंने खटीमा के एकलव्य विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की सराहना करते हुए बाजपुर, चकराता और कालसी समेत अन्य क्षेत्रों में संचालित एकलव्य विद्यालयों का भी उल्लेख किया।
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखण्ड की थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी जैसी जनजातीय समुदायों की संस्कृति एवं परंपराओं को राज्य की समृद्ध पहचान का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद जनजातीय समाज के कल्याण और उनकी पहचान को केंद्र की योजनाओं में नई प्राथमिकता मिली है। जनजातीय गौरव दिवस और पीएम-जनमन जैसी पहलों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
रंगोत्सव में दिखी देशभर की जनजातीय संस्कृति आदि रंगोत्सव में राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखण्ड, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक कला की प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, प्रदीप बत्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहें..

















