
देहरादून :जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना आवश्यक है। जिन उपभोक्ताओं ने 15 अगस्त 2026 तक अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई, उन्हें आगे गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यानी केवाईसी ना होने पर उपभोक्ताओं को बाजारी मूल्य पर उसके बाद गैस मिलेगी. गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
गैस कंपनियों के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर संबंधित कनेक्शन को निष्क्रिय श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू श्रेणी के तहत मिलने वाले लाभ प्रभावित हो सकते हैं और उन्हें नियमानुसार व्यावसायिक श्रेणी के सिलेंडर की दरों के अनुसार शुल्क देना पड़ सकता है।
घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित सत्यापन किए जाने का उद्देश्य गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाना तथा फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना है। इसके साथ ही वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट करने और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। पीएनजी और एलपीजी दोनों प्रकार के कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं का डाटा भी इस प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर तरीके से चिन्हित किया जा सकेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी, गैस एजेंसी संचालकों और गैस कंपनियों के अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के.अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा कई गैस कंपनियों द्वारा अपने मोबाइल ऐप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि 15 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले ई-केवाईसी अवश्य करा लें, ताकि भविष्य में गैस आपूर्ति से संबंधित किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनपद देहरादून में कुल गैस उपभोक्ता और केवाईसी की स्थिति.
जिला आपूर्ति अधिकारी के.के.अग्रवाल के अनुसार जनपद देहरादून में LPG गैस के कुल उपभोक्ता क़ी संख्या 7,73,356 है. इसमें से 5,64,642 उपभोक्ताओं की केवाईसी हो चुकी है.लेकिन बार-बार मोबाइल संदेश व अन्य माध्यमों से जानकारी देने के बावजद अभी तक़ 2,08,714 गैस उपभोक्ता द्वारा ई -केवाईसी नहीं कराई गई है.
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी के. के अग्रवाल के अनुसार गैस उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी करने के तीन विकल्प है.इसमें सबसे पहले आप App के माध्यम से ई- केवाईसी करते हैं,दूसरा गैस एजेंसी कर्मी द्वारा गैस डिलीवरी देने आने के समय e-kyc कर सकते हैं. जबकि तीसरा विकल्प गैस एजेंसी में जाकर भी केवाईसी कर सकते हैं. उपभोक्ताओं से अपील है कि वह 15 अगस्त 2026 से पहले अपनी ई केवाईसी कर ले. ताकि उनको पहले की तरह निर्धारित मूल्य पर गैस मिल सके.











