
लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 का समापन; सीएम ने ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ पत्रिका और ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिका का किया विमोचन..
देहरादून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के थानों स्थित लेखक गाँव में आयोजित लेखक गाँव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखक गाँव की पत्रिका ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ और ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से निकले विचारों ने हमेशा समाज को प्रेरित किया है और उसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।




मुख्यमंत्री ने कहा कि लेखक गाँव केवल एक साहित्यिक स्थल नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाले विचारों का प्रतीक है। यह वर्तमान के साथ भविष्य के निर्माण में भी योगदान दे रहा है। लेखक गाँव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ साहित्यिक मानचित्र पर उत्तराखंड को नई पहचान दिलाने का काम कर रहा है।
अटल जी ने सिखाया, शब्द भी बन सकते हैं राष्ट्र निर्माण के शस्त्र
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी शब्दों के साधक थे। उनकी लेखनी में पर्वतों जैसी दृढ़ता और गंगा जैसी गहराई थी। उन्होंने सिखाया कि शब्द भी राष्ट्र निर्माण के प्रभावी शस्त्र बन सकते हैं।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राचीन काल से ही ज्ञान, रचनात्मकता और संस्कृति का केंद्र रहा है। यहां ऋषियों ने अनेक महान ग्रंथों की रचना की। देवभूमि का प्राकृतिक सौंदर्य भी लेखकों, कवियों और विचारकों को निरंतर प्रेरित करता रहा है। साहित्य हमारे मूल्यों, विचारों और सांस्कृतिक चेतना का प्रतिबिंब है।
स्वतंत्रता आंदोलन से उत्तराखंड राज्य आंदोलन तक साहित्यकारों का योगदान
सीएम धामी ने कहा कि लेखकों, कवियों और रचनाकारों ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान भी साहित्यकारों और लेखकों ने अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि रचनाकार केवल शब्दों के सृजनकर्ता नहीं होते, बल्कि वे समाज के चिंतक और मार्गदर्शक भी होते हैं।
साहित्यकारों के सम्मान और साहित्यिक पर्यटन पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान, साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट जैसे पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित किया जा रहा है। हिंदी सहित विभिन्न स्थानीय भाषाओं में ग्रंथों के प्रकाशन के लिए साहित्यकारों को अनुदान भी दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को साहित्यिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में दो साहित्य ग्राम स्थापित किए जा रहे हैं, जहां साहित्यकारों के लिए आवासीय सुविधाएं, आधुनिक पुस्तकालय, संगोष्ठी कक्ष और अध्ययन स्थल विकसित किए जाएंगे। इससे साहित्यकारों को रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
विकास के साथ विरासत का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर के पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी प्रेरणा से राज्य सरकार उत्तराखंड के बिखरे हुए साहित्य को संकलित, संरक्षित और पुनर्स्थापित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी विरासत को सुरक्षित रखना भी सरकार की प्राथमिकता है।
सीमांत क्षेत्रों में बढ़ रहा रिवर्स माइग्रेशन: अजय टम्टा
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से सीमांत क्षेत्रों में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा मिल रहा है। आदि कैलाश और नीति-माणा क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।उन्होंने कहा कि पहले जिन स्थानों तक पहुंचने में पांच दिन लगते थे, वहां अब कुछ घंटों में पहुंचना संभव हो रहा है। इससे सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और विकास की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
इस समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, प्रो. प्रदीप भारद्वाज, प्रो. राकेश सुंदरियाल, डॉ. विदुषी निशंक सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।











