
‘द बीटल्स’ पर बनेंगी चार फिल्में, ऐतिहासिक बीटल्स आश्रम में जुटेगा 250 से अधिक भारतीय और विदेशी क्रू सदस्यों का दल; उत्तराखंड में पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा..
देहरादून: उत्तराखंड की वादियां एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के पर्दे पर नजर आने की तैयारी में हैं। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ की जिंदगी और संगीत के सफर पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश के ऐतिहासिक चौरासी कुटिया यानी बीटल्स आश्रम में प्रस्तावित है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने इस परियोजना की जानकारी साझा की।



फरवरी 2027 में प्रस्तावित शूटिंग
प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, ऑस्कर विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस के निर्देशन में बन रही फिल्म परियोजना ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ के तहत बैंड के चारों सदस्यों के जीवन पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। ‘क्लोवर’ नाम से प्रस्तावित परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित बीटल्स आश्रम में किए जाने की योजना है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने का प्रस्ताव है।
250 से अधिक भारतीय और विदेशी क्रू सदस्यों की भागीदारी
शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और करीब 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों एवं अन्य सहयोगियों की सेवाएं लिए जाने की संभावना है। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है।
इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
वैश्विक फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उत्तराखंड पर फोकस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान इसे फिल्म निर्माण के लिए विशेष बनाती है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को उत्तराखंड तक लाना है, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बन सकें।
बीटल्स से ऋषिकेश का ऐतिहासिक रिश्ता
ऋषिकेश का विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशेष स्थान है। विश्वप्रसिद्ध बैंड ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में बीटल्स आश्रम में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग उत्तराखंड की पहचान को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने का अवसर बन सकती है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल रहीं।











