
सर्किट हाउस और ₹1.37 करोड़ के देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण, न्याय पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन..
चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए 25 से 50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास की योजना : सीएम धामी
देहरादून/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत को करीब 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की योजनाओं में 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।



हर ग्राम सभा को ₹10 लाख, न्याय पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन
मुख्यमंत्री ने गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रत्येक ग्राम सभा को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से स्थानीय जरूरतों के अनुसार सड़क, पुस्तकालय, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन जैसे कार्य कराए जा सकेंगे। इसके अलावा न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे।
जिला बार एसोसिएशन चम्पावत के लिए अधिवक्ता चैम्बर, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने में उनकी अहम भूमिका है।
25 से 50 साल की जरूरतों के हिसाब से बनेगा आदर्श चम्पावत
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। विकास योजनाएं आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है।
सड़क, परिवहन और जलभराव की समस्या पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने, बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। वहीं, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
जनता से संवाद, समस्याओं और सुझावों पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों से भी संवाद किया।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।



















