
प्रॉपर्टी विवाद के चलते अभियुक्त द्वारा सुपारी देकर कराई थी अपने सौतेले भाई की हत्या..01 वर्ष पूर्व राजपुर में हुई हत्या की घटना का मास्टरमाइंड 50 हज़ार का ईनामी अभियुक्त आया दून पुलिस की गिरफ्त में..
देहरादून : प्रॉपर्टी के लालच में अपने सौतेले भाई की हत्या कराने वाले मास्टरमाइंड भाई को आखिरकार राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़ा गया ₹50 हजार का इनामी अभियुक्त अमित भटेजा बीते 1 साल से पुलिस कों चकमा देकर फरार चल रहा था.पिछले दिनों इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले यूपी के शार्प शूटर जैकी उर्फ राजन और उसकी सहयोगी महिला जोया को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा था. एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया क़ि इस हत्याकांड में शामिल तीनों अभियुक्तों क़ी गिरफ्तारी के उपरांत जल्द ही तीनों अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी.. बता दें मई 2025 को प्रॉपर्टी से संबंधित मामलें में अजय भटेजा नाम के व्यक्ति की हत्या कर उसे संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई थी. लेकिन पुलिस की गहन जांच पड़ताल के दौरान पता चला की प्रॉपर्टी हड़पने के लालच में सौतेले भाई अमित भटेजा ने ही अपने भाई अजय भटेजा की शूटर जैकी उर्फ राजन को सुपारी देकर हत्या कराई थी.इस केस में एक साल बाद थाना राजपुर पुलिस ने 10 दिन पूर्व पहले हत्या करने वाले शार्प शूटर राजन को गिरफ्तार किया,और फिर उसके दो दिन बाद हत्या में सहयोग करने वाली महिला जोया को सहारनपुर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया. इन दोनों की गिरफ्तारी के उपरांत पुलिस ने शूटर जैकी को PCR ( पुलिस कस्टडी रिमांड )में लिया,और गहन पूछताछ और जानकारी एकत्र कर इस पूरे हत्याकांड की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड भाई अमित भटेजा (सहारनपुर निवासी यूपी) को गिरफ्तार किया…
मसूरी की क़ीमती संपत्तियों को हड़पने के लालच में मास्टरमाइंड भाई ने शूटर को देहरादून में प्रॉपर्टी देने की डील तय की…
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अमित भटेजा पूछताछ में बताया गया कि उसका बड़ा सौतेला भाई अजय भटेजा शराब पीने का आदी था,जिसके पास देहरादून व मसूरी में कई संपत्तियां थी. उक्त सम्पतियों में अभियुक्त के पिता का पैसा भी लगा हुआ था. ऐसे में अभियुक्त द्वारा अजय भटेजा से पूर्व में कई बार अपनी प्रापर्टी में से कुछ हिस्सा देने को कहा गया था,लेकिन वह उसे सम्पत्ति में कोई हिस्सा न देकर सारा पैसा अपनी अययाशी व शराब में लुटा रहा था. ऐसे में दिनांक 23 मई 2025 को अभियुक्त अमित घटना में शामिल राजन उर्फ़ जैकी, उसकी प्रेमिका हुमेरा तथा एक अन्य व्यक्ति को अजय भटेजा का मसूरी स्थित कॉटेज दिखाने ले गया था. वहां अभियुक्त ने राजन उर्फ़ जैकी को अजय भटेजा द्वारा उसे सम्पत्ति में हिस्सा न देने की बात बताते हुए उसे रास्ते से हटाने और उसके एवज में राजन उर्फ जैकी को जाखन स्थित सम्पत्ति में आधा हिस्सा देने का सौदा तय हुआ.इतना ही नहीं नकुड सहारनपुर में हुए गोलीकांड जिसमें राजन उर्फ जैकी का नाम शामिल था,उसमें भी उसका नाम ना आने देने का ऑफर दिया गया. इस पूरी डील के बाद शूटर राजन उर्फ़ जैकी अजय भाटिया की हत्या करने के लिए तैयार हो गया..योजना के मुताबिक दिनांक 25मई 2025 को अभियुक्त राजन उर्फ जैकी तथा हुमेरा उर्फ जोया ने अजय भटेजा के जाखन स्थित घर में उसकी तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी,और वारदात के बाद दोनों मौके से भाग गये..घटना के अगले दिन प्रात: अभियुक्त अमित भटेजा मौका देखकर उक्त कमरे में गया,और उसके द्वारा वहां रखे प्रॉपर्टी के कागजात व अन्य दस्तावेज उठाकर अपने साथ ले गया.इस घटना के एक साल बाद हाल के 10 दिन पूर्व हत्या करने वाले शूटर जैकी और जोया के पकडे जाने और हत्याकांड में अपना नाम सामने आने पर अभियुक्त अमित भटेजा चोरी छिपे अपने वकील से मिलने देहरादून न्यायालय जा रहा था, इसकी सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया…
1 साल से लंबित पड़े केस को राजपुर पुलिस ने चंद दिनों में वर्कआउट किया
थाना राजपुर प्रभारी पी.डी. भट्ट के अनुसार 26/05/25 को वादी जतिन कुमार निवासी जी0एम0एस0 रोड देहरादून द्वारा थाना राजपुर पर तहरीर दी गयी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके ममेरे भाई अजय भटेजा के निवास स्थान 58/1 कृष्णा विहार जाखन देहरादून में उनकी हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में धारा 103 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया..घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत उसके अनावरण के लिए एसएसपी देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर थाना राजपुर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा मोबाइल सर्विलान्स, सीसीटीवी कैमरों व मुखबिर की सहायता से घटना में शामिल अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए दिनांक 19/05/26 को घटना को अंजाम देने वाले मुज्जफरनगर के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया गया था, जिससे पूछताछ में उसके द्वारा मृतक अजय भटेजा के भाई अमित भटेजा के कहने पर दिनांक 26/05/25 को अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की तकिये से मुँह दबाकर हत्या करना स्वीकार किया गया। अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर प्रकाश में आये दोनो अभियुक्तों हुमेरा उर्फ जोया तथा अमित भटेजा की गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून द्वारा 25-25 हजार रू0 का ईनाम घोषित किया गया। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना में शामिल अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को दिनांक 23/05/2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया…गिरफ्तार अभियुक्तों के बयानों के आधार पर उक्त घटना के मास्टरमाइंड अमित भटेजा की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार उसके सभी सम्भावित ठिकानों पर दबिशें देते हुए सर्विलांस व अन्य माध्यमों से भी अभियुक्त के सम्बन्ध में जानकारियां एकत्रित की जा रही थी। पुलिस द्वारा किये जा रहे प्रयासों के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना में वांछित 50 हजार के ईनामी अभियुक्त अमित भटेजा को दिनांक: 05-06-26 को जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास एक बैग से कुछ संपत्ति व गाड़ियों के कागजात बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त:-
अमित भटेजा पुत्र स्व० विनय कुमार निवासी लेन नंबर 29 सर्किट हाउस रोड ,शारदा नगर, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर, उम्र 38 वर्ष।
पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त:
1-जैकी उर्फ राजन पुत्र शिवलाल निवासी ग्राम- उमाही कलां, थाना रामपुर मनिहारान, जिला सहारनपुर, उम्र-36 वर्ष।
2-जोया उर्फ हुमेरा पुत्री पप्पू निवासी खालापार, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष।
धरपकड़ पुलिस टीम
1- उ0नि0 पी0डी0 भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर
2- व0उ0नि0 प्रवेश रावत, थाना राजपुर
3- कां0 अमित कुमार









