
दिसंबर 2026 से मानदेय वृद्धि लागू करने की घोषणा पर दो आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, कहा— आर्थिक संबल के साथ बढ़ेगा मनोबल..
देहरादून: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के मानदेय में दिसंबर 2026 से वृद्धि किए जाने की घोषणा के बाद आंगनबाड़ी संगठनों में उत्साह है। रविवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात कर सरकार के फैसले के लिए आभार जताया..प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि मानदेय बढ़ाने का निर्णय प्रदेश की हजारों कर्मियों को आर्थिक संबल देने के साथ उनके मनोबल को बढ़ाने वाला कदम है। लंबे समय से महिला एवं बाल विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए यह घोषणा राहत लेकर आई है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आंगनबाड़ी कर्मियों का समर्पण महिला एवं बाल विकास योजनाओं को मजबूती प्रदान कर रहा है। प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार उन्हें बेहतर अवसर, सम्मान और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।
इस मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे..











