
पिता अशोक राठौड़ उत्तराखंड पुलिस सेवा में, बेटे देश की सेवा के सपने की राह पर..
देहरादून के होनहार छात्र अश्विक राठौड़ ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC) की प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर उत्तराखंड का नाम देशभर में रोशन किया है। छोटी उम्र में मिली यह बड़ी कामयाबी न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव और गर्व का क्षण है। पिता सब-इंस्पेक्टर अशोक राठौड़ और चाचा नरेश राठौड( इंस्पेक्टर ) उत्तराखंड पुलिस में शानदार सेवा दे रहे हैं तो,दोनों बेटे देश सेवा की राह पर आगे बढ़ रहे हैं.. वाकई ये छोटी सी उम्र में शानदार ऐतिहासिक उपलब्धि है,जो नए बच्चों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा दायक भी.


RIMC जैसे प्रतिष्ठित सैन्य शिक्षण संस्थान की प्रवेश परीक्षा में देशभर के प्रतिभावान विद्यार्थियों के बीच प्रथम स्थान हासिल करना अश्विक की प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रमाण है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से भी संस्कारित किया जाता है।
एक ही परिवार के दो सितारे, AIR-1 और AIR-3
अश्विक की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उनके बड़े भाई अध्ययन राठौड़ भी RIMC प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-3 हासिल कर चुके हैं और वर्तमान में इसी प्रतिष्ठित संस्थान में अध्ययनरत हैं।
एक ही परिवार के दो भाइयों का राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रवेश परीक्षा में प्रथम और तीसरा स्थान हासिल करना अपने आप में असाधारण उपलब्धि है। दोनों भाइयों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से सफलता के ऐसे मुकाम हासिल किए हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और मिसाल बन गए हैं।
पिता पुलिस सेवा में, बेटे देश की सेवा के सपने की राह पर
दोनों होनहारों के पिता अशोक राठौड़ उत्तराखंड पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वह कई थानों में प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। कर्तव्यनिष्ठा, साफ-सुथरी छवि और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए क्षेत्र में उनकी पहचान रही है।
आमजन की समस्याओं को सुनना, जरूरतमंदों की मदद करना और जनहित के कार्यों में तत्पर रहना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। पिता का अनुशासन, सेवा भावना और संस्कार शायद बच्चों के जीवन में भी लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा बने।
उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा
एक तरफ पिता पुलिस सेवा के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभा रहे हैं, तो दूसरी ओर दोनों बेटे शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों से परिवार और प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं।
अश्विक और अध्ययन की यह सफलता संदेश देती है कि सही दिशा, संस्कार, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अश्विक राठौड़ की शानदार उपलब्धि पर परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों की ओर से बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी जा रही हैं। उम्मीद है कि दोनों भाई आगे भी नई ऊंचाइयां छूते हुए भविष्य में राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाएंगे…












