
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के विकास, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर केंद्र सरकार के सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया। मुलाकात में मुख्यमंत्री ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों का हवाला देते हुए पर्वतीय प्रदेश के विकास के लिए केंद्र के निरंतर सहयोग को अहम बताया और विभिन्न योजनाओं में मिली स्वीकृतियों एवं सहायता के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।




कुंभ-2027 से लेकर रेल और सड़क परियोजनाओं तक उठाए मुद्दे
मुख्यमंत्री ने कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, SASCI के अंतर्गत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद, RDSS योजना में स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति तथा चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की मंजूरी पर केंद्र का धन्यवाद किया। उन्होंने देहरादून रिंग रोड की लगभग 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन सहित कई विकास कार्यों में सहयोग के लिए भी आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कुमाऊं की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार एवं आधुनिकीकरण, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल परियोजना पर केंद्र से सहयोग का अनुरोध किया। साथ ही देहरादून-हरिद्वार आरआरटीएस विस्तार की फिजिबिलिटी स्टडी तथा ऋषिकेश में यातायात दबाव कम करने के लिए जलमार्ग संबंधी अध्ययन का आग्रह किया।
स्वास्थ्य, आयुर्वेद और शिक्षा को भी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने का अनुरोध किया। स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, शैक्षणिक संस्थानों के विकास तथा पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा के सुदृढ़ीकरण से जुड़े विषय भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखे। राज्य में 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए जाने, 331 विद्यालयों के आकलन और 93 विद्यालयों के लिए स्वीकृतियां जारी होने की जानकारी भी साझा की।
पर्यटन को नई पहचान देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की जानकारी देते हुए चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर एवं शारदा कॉरिडोर में नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल का उल्लेख किया। राज्य की वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी और गाइडलाइंस भी साझा कीं।
वही आध्यात्मिक पर्यटन के लिए पौड़ी के बेलकेदार, टिहरी के अंजनिसैंण एवं टिहरी क्षेत्र और चम्पावत के लोहाघाट-श्यामलाताल को विकसित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। शीतकालीन चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन साइक्लिंग, कयाकिंग, हाई एल्टीट्यूड रन, माणा घाटी मैराथन तथा औली में स्कीइंग चैंपियनशिप जैसे आयोजनों के जरिए पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने की योजना भी सामने रखी।
स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंचाने की पहल से अवगत कराया। ब्रांड का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंचने और अमेजन, ONDC, जियो मार्ट, बिग बास्केट एवं ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म पर उत्पाद उपलब्ध होने की जानकारी दी।उन्होंने ITBP के साथ एमओयू के माध्यम से स्थानीय उत्पादों एवं आपूर्ति व्यवस्था को बढ़ावा देने, वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की दिशा में किए जा रहे प्रयासों तथा एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड के प्रथम स्थान पर रहने का भी उल्लेख किया..
प्रधानमंत्री को भेंट किए देवभूमि के पारंपरिक उत्पाद
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा पारंपरिक ऊनी वस्त्र, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा, लाल चावल और कुंभ-2027 की आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति शामिल रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्य फोकस:
कुंभ-2027 के लिए ₹500 करोड़
SASCI के तहत लगभग ₹9,500 करोड़
RDSS के तहत ₹3,436.08 करोड़
चम्पावत बाईपास ₹199 करोड़
देहरादून रिंग रोड ₹1,200 करोड़
सड़क, रेल, पर्यटन, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी का विकास एजेंडा..











