
देहरादून :मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून की कैंट विधानसभा क्षेत्र को ₹48.44 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 23 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹29.41 करोड़ की 10 योजनाओं का लोकार्पण और ₹19.03 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें सड़क निर्माण, नाले का पुनर्निर्माण, डिग्री कॉलेज की प्रक्रिया आगे बढ़ाना, पेयजल लाइनों का सुदृढ़ीकरण और प्रेमनगर को नगर पालिका में शामिल करने की कार्रवाई प्रमुख हैं..


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित शहर बनाने के साथ प्रदेश के विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को दोहराया.















