
हरिद्वार में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर व एडीजी प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक, ICCC-CCTV नेटवर्क, रेलवे सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन प्रबंधन की समीक्षा; समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश।
हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियों को तेज कर दिया है। आतंकवाद, संगठित अपराध, साइबर हमलों, अफवाहों और भारी श्रद्धालु भीड़ से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार की जा रही है। प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, आपातकालीन निकासी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता में रखी गई है।




पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेसन तथा एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कुंभ मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए।
आतंकवाद से लेकर साइबर खतरे तक, सुरक्षा का बहुस्तरीय इंतजाम
इस बैठक में संभावित आतंकी गतिविधियों, संगठित अपराध और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को लेकर एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस और अभिसूचना इकाइयों की तैनाती एवं समन्वय पर चर्चा की गई। संवेदनशील स्थलों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
वही मेला क्षेत्र, प्रमुख घाटों और रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी, एंटी-सबोटाज चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनाने की कार्ययोजना भी तैयार की गई।
ICCC, ड्रोन और एंटी-ड्रोन से होगी निगरानी
कुंभ मेले में आधुनिक तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन, एंटी-ड्रोन प्रणाली, संचार नेटवर्क और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध स्थापित कर क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए।
वही सोशल मीडिया पर अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और फर्जी खबरों पर नजर रखने के साथ साइबर अपराध व ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए भी मजबूत निगरानी तंत्र विकसित किया जाएगा।
भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात का मास्टर प्लान
वही प्रमुख स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए होल्डिंग एरिया, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, वैकल्पिक यातायात मार्ग और आपातकालीन निकासी योजना की समीक्षा की गई। भीड़ के दबाव से जाम की स्थिति पैदा होने वाले बॉटलनेक प्वाइंट्स को चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन के निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशनों पर भी भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के नियमन, जीआरपी की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर रेलवे व पुलिस के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया। अग्निशमन व्यवस्था, फायर सेफ्टी परीक्षण और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता भी समीक्षा के केंद्र में रही।
पुलिस बल, प्रशिक्षण और सुविधाओं की भी समीक्षा
कुंभ मेले के लिए सीएपीएफ, होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन किया जाएगा। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के समन्वय, प्रशिक्षण, आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ आवश्यक वाहनों, सुरक्षा उपकरणों, बजट और खरीद-आपूर्ति प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस लाइन ऋषिकुल, घाटों, हरकी पैड़ी, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया, रेलवे स्टेशनों, फायर स्टेशनों, संचार सब-कंट्रोल रूम और निर्माणाधीन भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं से जुड़े सभी कार्य समयसीमा के भीतर पूरे कराए जाएंगे, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित कुंभ का अनुभव मिल सके।











