
देहरादून:थाना प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जामुनवाला में जंगल के अंदर कूड़े के ढेर के पास एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि महिला की हत्या कहीं अन्य स्थान पर करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में फेंका गया।
पुलिस के अनुसार बुधवार, 18 नवंबर 2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना प्रेमनगर पुलिस को जामुनवाला क्षेत्र के जंगल में कूड़े के ढेर के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की स्थिति और चेहरे व गले पर मिले गहरे चोट के निशानों को देखते हुए मामला संदिग्ध पाया गया।
एसपी सिटी शेखर सुयाल का बयान
देहरादून एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, प्रेमनगर के जामुनवाला क्षेत्र में जंगल के अंदर कूड़े के ढेर के पास महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतका के चेहरे और गले पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए हत्या कर शव को दूसरे स्थान से लाकर यहां फेंके जाने की आशंका है। महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो मृतका की शिनाख्त और घटना के खुलासे के लिए जांच कर रही हैं।
बाईट :शेखर सुयाल, एसपी सिटी, देहरादून.
पहचान और खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित
पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल महिला के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मामले के अनावरण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मृतका की पहचान करने के साथ ही हत्या की आशंका से जुड़े सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
जंगल में शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान कर इस सनसनीखेज मामले का जल्द खुलासा करना है।












