
सड़क, पेयजल, मंदिर-मेला स्थल, धर्मशाला और ग्रामीण सुविधाओं के विकास को मिलेगी गति; सीएम घोषणाओं के तहत कई योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति..
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के लिए ₹17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। सीएम घोषणाओं के तहत स्वीकृत धनराशि से सड़क निर्माण, ग्रामीण संपर्क मार्ग, पेयजल सुविधा, मंदिरों एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे..स्वीकृत योजनाओं में टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, चम्पावत, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है। कई योजनाओं में प्रथम किश्त भी जारी करने की मंजूरी दी गई है, जिससे विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
जनपदवार विकास कार्यों को मंजूरी..
टिहरी गढ़वाल: प्रतापनगर में हुणेश्वर महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्ष एवं शौचालय निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.77 लाख स्वीकृत, प्रथम किश्त ₹59.26 लाख। देवप्रयाग के बड़ोला गांव के उरमण तोक स्थित बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए ₹36.19 लाख और डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.94 लाख।
– पिथौरागढ़: धारचूला के गटघोरगाड़ी नौलिंग मेला स्थल निर्माण के लिए ₹79.49 लाख, प्रथम किश्त ₹47.69 लाख। मदकोट में मंदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक पैदल-अश्व मार्ग निर्माण के लिए ₹29.84 लाख। डीडीहाट के खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹93.64 लाख, प्रथम किश्त ₹56.18 लाख।
– चम्पावत: लोहाघाट के ठांटा गांव में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र निर्माण के लिए ₹97.10 लाख, प्रथम किश्त ₹58.26 लाख। चम्पावत विधानसभा में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग के लिए ₹81.96 लाख की योजना में ₹25 लाख स्वीकृत।
– टनकपुर-बनबसा: ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए ₹6.14 करोड़ स्वीकृत, चालू वित्तीय वर्ष में ₹5 करोड़ जारी करने की मंजूरी।
– हरिद्वार: झबरेड़ा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए ₹99.44 लाख, प्रथम किश्त ₹59.66 लाख। भगवानपुर विधानसभा में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए ₹1 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत।
– ऊधमसिंह नगर: गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में सीएम घोषणा के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए ₹1.84 करोड़ की स्वीकृति।
– चम्पावत (लोहाघाट): सीएम घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए ₹2.20 करोड़ स्वीकृत।
इनसभी स्वीकृतियों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल, धार्मिक पर्यटन और स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सरकार का फोकस सीएम घोषणाओं के तहत स्वीकृत विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।












