
सरकारी ड्राइवर ने SP सीपी नौटियाल के केबिन में पहुंचकर किया फायर, घटना से सुरक्षा महकमे में हड़कंप..
हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी पर उनके ही सरकारी चालक द्वारा गोली चलाए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोली IB अधिकारी सीपी नौटियाल के माथे को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने आरोपी चालक विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सरकारी चालक विनोद नेगी IB अधिकारी सीपी नौटियाल के केबिन में पहुंचा। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलने से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और स्टाफ तत्काल केबिन की ओर दौड़ा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोली अधिकारी के माथे को छूकर निकल गई। इस हमले में वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। हरिद्वार एसएसपी नवनीत भुल्लर के अनुसार प्रारंभिक तौर पर काम के दबाव और परेशानियों को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन गोली चलाने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
वही खुफिया विभाग के अधिकारी पर उनके ही चालक द्वारा गोली चलाए जाने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों में हलचल पैदा कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब घटना के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।












