
बसंत विहार पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को पकड़ा, चोरी की नकदी और 3 सिक्के बरामद; पहले भी आपराधिक मामलों में आ चुका है नाम।
देहरादून : वंसत विहार क्षेत्र स्थित एक दुकान में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। बसंत विहार थाना पुलिस ने चोरी के आरोप में 19 वर्षीय सोमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 5 हजार रुपये की नकदी और सफेद धातु के तीन पुराने सिक्के बरामद किए गए हैं।

नशे की लत में चोरी की वारदात को दिया अंजाम, पहले भी जा चुका है जेल.
मामला राज एनक्लेव स्थित साईं फैब्रिक दुकान का है। दुकान संचालिका नीना भाटिया ने 18 अक्टूबर 2026 को थाना बसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर के समय अज्ञात चोर दुकान में रखी नकदी और चांदी के चार सिक्के चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को काली मंदिर, बसंत विहार के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोमान पुत्र निजामुद्दीन, निवासी सेवला कलां, माजरा, देहरादून, उम्र 19 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 हजार रुपये नकद और सफेद धातु के तीन पुराने सिक्के बरामद हुए।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने राज एनक्लेव स्थित दुकान से चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बरामद नकदी और सिक्कों को कब्जे में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना बसंत विहार में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा थाना बसंत विहार और कोतवाली नगर में चोरी तथा चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराओं में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
बरामदगी:
- नकदी – 5,000 रुपये
- सफेद धातु के तीन पुराने सिक्के
- एक आधार कार्ड
- एक हार्ड डिस्क
गिरफ्तार आरोपी:
सोमान पुत्र निजामुद्दीन, निवासी सेवला कलां, माजरा, थाना पटेलनगर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष।
दून पुलिस की इस कार्रवाई से दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।











