बनबसा में विकास कार्यों को रफ्तार, खेल सुविधाओं से स्वास्थ्य और धार्मिक पर्यटन तक चम्पावत को मिलेगी नई सौगात..

256.97 करोड़ का महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, ₹20 करोड़ का क्रिटिकल केयर ब्लॉक और ₹237.74 करोड़ का आईएसबीटी—मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों का किया शुभारंभ एवं शिलान्यास

बनबसा में खेल सुविधाओं का विस्तार, खिलाड़ियों को सम्मान; वन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए तीन टाटा योद्धा वाहन रवाना

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर युवाओं को खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  बड़ी ख़बर:अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में अनियमितताओं की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने दिए SIT गठित करने के निर्देश...भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा- मुख्यमंत्री

खेल, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर बड़ा फोकस

मुख्यमंत्री ने चम्पावत के विकास से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि लोहाघाट में करीब ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। इससे प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और खेल प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जनपद में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जाएगा। वहीं, टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) विकसित किया जा रहा है, जिससे परिवहन और संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों के जरिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  नहीं थम रहा चारधाम यात्रा के नाम पर हेली सेवा टिकटों की धोखाधड़ी,STF ने 15 और Fake वेबसाइटों को कराया ब्लॉक.

कैप्टन करम चंद स्टेडियम में भी होंगे विकास कार्य

बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें ₹28 लाख की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, ₹20 लाख से पहुंच मार्ग और ₹20 लाख से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, सीएसआर के तहत ₹150.20 लाख की लागत से बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इन कार्यों से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  सम्मान: उत्कृष्ठ कार्य करने वाले 44 अधिकारी/कर्मचारियों को SSP देहरादून द्वारा किया गया सम्मानित...

वन संरक्षण के लिए तीन वाहन रवाना

मुख्यमंत्री ने एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग की गतिविधियों और वन एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ का लक्ष्य हासिल करना ‘आदर्श उत्तराखंड’ की परिकल्पना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विकास के साथ जनसहभागिता से जिले को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, एनएचपीसी अधिकारियों, खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें