
वायरमैन पद की CRE-3 भर्ती में परीक्षा देने वाले और एम्स में कार्यभार ग्रहण करने वाले व्यक्ति की फोटो में मिला अंतर; प्रतिरूपण और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की जांच तेज..
एम्स ऋषिकेश की भर्ती में फर्जीवाड़े का खुलासा, बायोमेट्रिक सत्यापन में पकड़ा गया पहचान का खेल
ऋषिकेश:अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश की CRE-3 भर्ती प्रक्रिया में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। वायरमैन पद के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान पहचान को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एम्स में कार्यभार ग्रहण करने वाला दूसरा आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को एम्स ऋषिकेश में अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा था। इसी दौरान वायरमैन पद के अभ्यर्थी विकास कुमार मीणा की पहचान पर संदेह हुआ। मूल अभिलेखों और पहचान-पत्रों के मिलान में परीक्षा में शामिल हुए व्यक्ति तथा एम्स में नियुक्त होकर कार्यभार ग्रहण करने वाले व्यक्ति की तस्वीरों में अंतर पाया गया, जबकि दस्तावेजों में विवरण समान थे..मामले में एम्स के सहायक प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर को अशोक कुमार मीणा, निवासी दौसा, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बायोमेट्रिक सत्यापन कराने पहुंचा था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद जिला कारागार देहरादून भेज दिया गया।
एम्स में कार्यभार ग्रहण करने वाला आरोपी फरार
इस प्रकरण में विकास कुमार मीणा भी वांछित है। पुलिस के मुताबिक, विकास ने एम्स में कार्यभार ग्रहण किया था और घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
पुलिस अब भर्ती प्रक्रिया में कथित प्रतिरूपण, दस्तावेजों में हेरफेर और अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
गिरफ्तार अभियुक्त :-
अशोक कुमार मीणा पुत्र स्व0 रामकरण मीणा निवासी जटाली ढाणी, काली पहाड़ी, दौसा, राजस्थान।, उम्र 40 वर्ष।

वांटेड अभियुक्त :-
विकास कुमार मीणा पुत्र धनफूल मीणा निवासी जटाली ढाणी, काली पहाड़ी, दौसा, राजस्थान।











