उत्तराखंड में अवैध असलहों की खेप पर UDN पुलिस का शिकंजा! मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार, हथियारों की खेप में 8 तमंचे बरामद..

यूपी से उत्तराखंड लाई जा रही थी हथियारों की खेप, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल; ₹5,000 में तमंचा खरीदकर ₹8,000 में बेचने की थी योजना…

ऊधम सिंह नगर: उत्तराखंड में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ ऊधम सिंह नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिनेशपुर क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 अवैध देशी तमंचे, 8 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर एसओजी रुद्रपुर और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान 17 अक्टूबर 2026 की रात सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश से अवैध असलहों की खेप लेकर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से महतोष-मकरन्दपुर मार्ग होते हुए दिनेशपुर की ओर आने वाले हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रेकिंग: भारत चीन सीमा पर 3 पोर्टर लापता, सेना ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन. ट्रेक पर अधिक बर्फ की वजह से आ रही दिक्कते..

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल गिराकर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मनोज कुमार घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

8 तमंचे और कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस को सात अवैध देशी तमंचे .315 बोर और एक तमंचा .32 बोर का मिला। इसके अलावा .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

यह भी पढ़ें 👉  भ्रष्टाचार: सोलर प्लांटों की फाइलें पास करने के एवज ₹40 हजार की रिश्वत लेने वाला उरेडा परियोजना अधिकारी गिरफ्तार..विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ किया ट्रैप...

₹5,000 में खरीदकर ₹8,000 में बेचने की थी योजना

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली निवासी महावीर नाम के व्यक्ति से तमंचे लेकर आए थे। उनकी योजना प्रत्येक तमंचे को ₹5,000 में खरीदकर ₹8,000 में बेचने की थी।

पूछताछ में रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बंटी कोली फिलहाल जेल में बंद है। अब पुलिस अवैध हथियारों की सप्लाई चेन, संभावित खरीदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

रामपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार, उम्र 22 वर्ष, पुत्र राजेन्द्र कुमार और अनमोल यादव, उम्र 20 वर्ष, पुत्र सुंदर पाल के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदायन के निवासी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  आस्था:दिव्य और भव्य होगा हरिद्वार कुंभ का आयोजन:मुख्यमंत्री......कुंभ से संबंधित सभी स्थायी प्रकृति के कार्य अक्टूबर 2026 तक पूरे करने के निर्देश..

पुलिस के मुताबिक, मनोज कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ ट्रांजिट कैंप कोतवाली में पहले से मामला दर्ज है।

दिनेशपुर थाने में मुकदमा दर्ज, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

इस मामले में थाना दिनेशपुर में एफआईआर संख्या 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों के स्रोत, उनकी सप्लाई के रास्ते और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का मुख्य फोकस उस नेटवर्क तक पहुंचना है, जिसके जरिए उत्तर प्रदेश से अवैध असलहे उत्तराखंड लाकर बेचने की कथित योजना बनाई गई थी।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें