न्यूज प्लेटफॉर्म की आड़ में ब्लैकमेलिंग का धंधा!. ₹5 लाख की मांगी रंगदारी, ₹50 हजार वसूलने पर हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार..

SSP दून की दो टूक,अपराध किया तो जेल जाना तय..

गिरफ्तार अभियुक्त पर देहरादून सहित अन्य प्रांतों में भी धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग, मारपीट, गैंगस्टर/ गुंडा एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं के दर्जनों मुकदमें दर्ज..

देहरादून: खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर प्रॉपर्टी कारोबारी को कथित तौर पर झूठी खबर चलाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पटेलनगर पुलिस ने आरोपी अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस को तीन मोबाइल फोन और एक ऐसी डायरी मिली है, जिसमें मोबाइल छिपाने के लिए सीक्रेट चैंबर बनाया गया था। आरोपी के मोबाइल से कई लोगों के गोपनीय वीडियो मिलने का दावा किया गया है, जिनकी जांच की जा रही है।ऐसे में शिकायत के आधार पर ब्लैकमेलिंग और कथित अवैध वसूली के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर क्षेत्र के एक प्रॉपर्टी कारोबारी को उसकी संपत्ति से जुड़ी खबरें न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर बदनाम करने और बर्बाद करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित ने डर के चलते आरोपी के बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद भी कथित तौर पर पूरी रकम नहीं देने पर उसे धमकियां दी गईं।

व्हाट्सएप कॉल से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का मामला

पुलिस के अनुसार, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया और खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताया।

यह भी पढ़ें 👉  सीनियर सिटीजन को विशेष सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता:SSP, सांसद एवं मेयर सहित नगर वासियों ने यहाँ किया दून SSP समेत थाने को सम्मानित..

आरोप है कि फोन पर संबंधित व्यक्ति ने प्रॉपर्टी से जुड़ी खबरें अपने न्यूज चैनल पर चलाने की धमकी दी और खबरें प्रसारित नहीं करने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे। डर के कारण पीड़ित ने अनुज अग्रवाल के नाम पर बताए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद बाकी रकम की मांग करते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकियां दी गईं।शिकायत के साथ पीड़ित ने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और बैंक खाते में रकम जमा करने के प्रमाण भी पुलिस को उपलब्ध कराए। इसके आधार पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 773/26 के तहत बीएनएस की धारा 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया।

आईएसबीटी के पास से आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम गठित कर त्वरित साक्ष्य संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस के मुताबिक, जांच में पीड़ित से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। इसके बाद 19 अक्टूबर की रात पुलिस ने उसे पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी, मारपीट, बलवा, अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई किए जाने का रिकॉर्ड सामने आया है।

यह भी पढ़ें 👉  शिकंजा:उत्तराखण्ड में चल रहे नकली दवा के कारोबार पर STF की सर्जिकल स्ट्राईक जारी..ब्रांडेड कम्पनियों की नकली दवाईयां बनाने और बेचने वाले गिरोह के 03 और सदस्य गिरफ्तार..

डायरी में मिला मोबाइल छिपाने का सीक्रेट चैंबर

इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की। पुलिस के अनुसार, डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए विशेष सीक्रेट चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि इस व्यवस्था के जरिए लोगों के गोपनीय वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे।

पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल फोन से कई व्यक्तियों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो मिले हैं। इन वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही इनकी प्रकृति और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कई राज्यों में संगीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनुज अग्रवाल के खिलाफ देहरादून के अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक की विस्तृत जानकारियां पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ कई स्थानों में धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग, मारपीट, गैंगस्टर/ गुंडा एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं के दर्जनों मुकदमें दर्ज है..

यह भी पढ़ें 👉  विदेशी कंपनियों के साथ व्यापार करने वाली नामी कम्पनी के साथ फर्जी कम्पनी खोलकर करोडों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का दून पुलिस ने किया पर्दाफाश…गिरोह का सरगना 01 करोड मूल्य के रॉ मैटेरियल के साथ गिरफ्तार.. आम जनता के पैसों व उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा.. ऐसे सभी अपराधियों को सलाख़ों पीछे पहुंचाया जाएगा :SSP देहरादून..

पटेलनगर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में कथित ब्लैकमेलिंग, बैंक खाते में रकम के लेन-देन और मोबाइल से बरामद वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बरामदगी: तीन मोबाइल फोन और एक डायरी।

गिरफ्तार आरोपी: अनुज अग्रवाल, उम्र 46 वर्ष, मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश; वर्तमान निवासी द्वारिकापुरी, क्लेमेंट टाउन, देहरादून।

आपराधिक इतिहास अभियुक्त :-

1- मु०अ०सँ०- 329/2010 धारा- 147/323/452/ 504/506/427 भादवि, कोतवाली पटेल नगर
2- मु०अ०सँ०- 310/2010 धारा 186,224,225 भादवि, कोतवाली पटेल नगर
3- मु०अ०सँ०- 121/2012 धारा 341, 420, 467,468,504,506 भादवि, कोतवाली पटेल नगर
4- मु०अ०सँ०- 24/2016 धारा 420,467,468,504, 506 भादवि, कोतवाली पटेल नगर
5- मु०अ०सँ०- 364/2015 धारा 420, 406,504,506 भादवि, कोतवाली पटेल नगर
6- मु०अ०सँ०- 87/2016 धारा 420, 406, 504,506 भादवि, कोतवाली पटेल नगर
7- मु०अ०सँ०- 397/2011 धारा 420, 506 भादवि, कोतवाली पटेल नगर
8- मु०अ०सँ०- 136/2016 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट कोतवाली पटेल नगर
9- मु०अ०सँ०- 435/2017 धारा 3(1) गुंडा एक्ट, कोतवाली पटेल नगर

देहरादून पुलिस की अभी तक जांच के अनुसार- उक्त मुकदमों के अतिरिक्त अभियुक्त के विरुद्ध मध्य प्रदेश में 04 अभियोग, पंजाब में 01 अभियोग, ओडिशा में 01 अभियोग तथा गुजरात में भी 01 अभियोग दर्ज होना प्रकाश में आया है,जिनकी संबंधित राज्यो से जानकारी प्राप्त की जा रही है।



परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें