
हरिद्वार कुंभ की तैयारियों के लिए ₹492 करोड़ मंजूर.टिहरी बांध प्रभावित 178 परिवारों के लिए ₹132.43 करोड़ के प्रतिकर को मंजूरी | सड़क, सिंचाई और धार्मिक स्थलों के विकास को भी मिलेगी रफ्तार..
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और जनसुविधाओं को गति देने के लिए करीब ₹728 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इन फैसलों में हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, टिहरी बांध प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, ग्रामीण सड़कों, सिंचाई परियोजनाओं और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया है।

कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए ₹492 करोड़
हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ने अस्थायी अधिष्ठान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर ₹175 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन दिया है। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार द्वारा अनुमोदित कार्यों के वित्तपोषण के लिए शहरी विकास विभाग के माध्यम से ₹317 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है। इससे कुंभ की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
टिहरी बांध प्रभावित 178 परिवारों को बड़ी राहत
पुनर्वास नीति-1988 के तहत टिहरी बांध परियोजना से संबंधित पात्र 178 परिवारों के लिए कृषि भूमि के स्थान पर देय नकद प्रतिकर की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव को मंजूरी दी गई है। इसके तहत प्रतिकर राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर पात्र परिवारों के लिए कुल ₹132.43 करोड़ किए जाने का अनुमोदन दिया गया है। इस निर्णय से प्रभावित परिवारों को राहत मिलने का रास्ता साफ होगा।
सड़क, सिंचाई और ग्रामीण विकास पर फोकस
अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में गैरखेत-बलमरा-सराईखेत मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए ₹6.13 करोड़ मंजूर किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में सिडकुल से पंडरी तक अपर बैगुल नहर के जीर्णोद्धार के लिए ₹7.84 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
पौड़ी जिले के रिखणीखाल विकासखंड के ग्राम ढिकोलिया में स्प्रिंकलर आधारित नलकूप निर्माण के लिए ₹1.43 करोड़, जबकि नैनीताल जिले के रामगढ़ विकासखंड के ग्राम ल्वेशाल में लिफ्ट सिंचाई योजना के लिए ₹2.54 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
धार्मिक स्थलों के विकास को भी मंजूरी
पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड की ग्राम पंचायत लामाखेत में सकत्या बड़बाप मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए ₹45.03 लाख स्वीकृत किए गए हैं। चंपावत जिले के पुनौली ग्राम पंचायत के गोगना तोक स्थित ऐतिहासिक ब्रह्मचारिणी मेला स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹87.70 लाख की स्वीकृत राशि के सापेक्ष ₹50 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
हरिद्वार और जिला पंचायतों को भी धनराशि
हरिद्वार जिले के बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन निर्माण कार्यों के लिए ₹2.67 करोड़ मंजूर किए गए हैं। वहीं, छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रतीक्षा के बीच पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही की किश्त के लिए सभी जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ की तदर्थ धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, कुंभ की तैयारियों, सिंचाई व्यवस्था और पुनर्वास संबंधी कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।











