
105.30 करोड़ के 33 कार्यों का लोकार्पण, 178.76 करोड़ के 34 कार्यों का शिलान्यास। डीडीहाट में उप जिला चिकित्सालय, मूनाकोट में राजकीय महाविद्यालय और नैनीसैनी एयरपोर्ट के विकास पर जोर।
पिथौरागढ़ में विकास योजनाओं की सौगात, CM धामी ने किए 67 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास..
पिथौरागढ़ :मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ जनपद को 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में 105.30 करोड़ रुपये की लागत के 33 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास हुआ। मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
इन घोषणाओं में डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने, मवानी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने और मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी देने की घोषणा शामिल है। इसके अलावा सड़क सुधार, चौड़ीकरण, पेयजल योजना और मंदिरों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित हो रहे पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
सीएम धामी ने आदि कैलाश यात्रा से पर्यटन गतिविधियों में बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे होमस्टे, परिवहन और स्थानीय उत्पादों से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत जनपदों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना राज्य सरकार के प्रयासों का प्रमुख हिस्सा है।





















