
उधम सिंह नगर/खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा पहुंचते ही लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आम जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को अपनी शिकायतों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासन को जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर भी चर्चा की और नागरिक सुविधाओं को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री संतोष गौरव, फरजाना बेगम, नानकमत्ता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, जिला पंचायत सदस्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे..



















