
निर्माण कार्यों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश, सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा विस्तार..
पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने।




मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में 50 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पिथौरागढ़ सहित आसपास के सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मेडिकल कॉलेज का संचालन इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल और फकीर राम टम्टा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे..











