
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून में एक निजी न्यूज चैनल की ओर से आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सवालों के जवाब देते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण फैसलों और प्रदेश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

5 साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार का संकल्प है कि युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर रोजगार मिले।
UCC लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यह महिला सशक्तीकरण और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, हेल्पलाइन नंबर 1064
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। उन्होंने इसे उत्तराखंड के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक बताया। सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बना रही है। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, पर्यटन विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।











