
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है, जबकि रावण का अंत अहंकार और अधर्म के पतन का संदेश देता है।
13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि कब्जामुक्त
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की विभिन्न कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया है। इसके तहत 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने के उद्देश्य से सख्त दंगारोधी कानून लागू किया गया है। धर्म और आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह करने तथा धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।















