
12 जनवरी से 25 फरवरी तक चलेगा 45 दिवसीय महाशिविर, एक लाख निःशुल्क चश्मे और दवाएं भी बांटी जाएंगी; आयोजन की सफलता के लिए सरकार और कुम्भ मेला प्रशासन देगा पूरा सहयोग।
देहरादून: हरिद्वार में प्रस्तावित कुम्भ-2027 को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियों के बीच अब श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बड़ी पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में आयोजित कार्यक्रम में नेत्र कुम्भ-2027 का शंखनाद किया। इस अभियान के तहत 45 दिनों तक चलने वाले महाशिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क आंखों की जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाशिविर में श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र जांच के साथ चश्मे और दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को भरोसा दिलाया कि नेत्र कुम्भ की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुम्भ मेला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुम्भ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुम्भ इसी भावना को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण प्रयास है।उन्होंने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना मानव सेवा का सराहनीय उदाहरण है। आंखों की रोशनी बेहतर होने से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता में भी सुधार होता है।




मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुम्भ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुम्भ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुम्भ, प्रयागराज महाकुम्भ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस तरह के आयोजन किए गए। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाला आयोजन इस सेवा अभियान को और व्यापक स्वरूप देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुम्भ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुम्भ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए लगातार तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुम्भ के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुम्भ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहें..












