
हरिद्वार से टिहरी और फिर देहरादून एसएसपी कार्यालय तक पहुंचे तबादला आदेशों के पीछे अलग-अलग प्रशासनिक प्रक्रियाएं; पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार में तैनाती बनी टिहरी स्थानांतरण की वजह, आईजी ने किया स्थिति स्पष्ट..
देहरादून: इंस्पेक्टर रैंक पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण को लेकर सोशल मीडिया पर अधूरी और अपुष्ट जानकारियां किस तरह भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती हैं, इसका एक उदाहरण पटेलनगर कोतवाली के पूर्व प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के तबादलों को लेकर सामने आया है.पिछले कुछ समय से उनके स्थानांतरण को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। कहीं उन्हें विवादित बताकर तबादलों को उससे जोड़ने की कोशिश की जा रही है तो कहीं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा जा रहा है कि आखिर एक ही अधिकारी का बार-बार अलग-अलग जनपदों में स्थानांतरण क्यों किया जा रहा है?
लेकिन क्या वास्तव में इन तबादलों के पीछे कोई विवाद या विभागीय मनमानी है? या फिर इसके पीछे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी नियमों की भूमिका है? इन सवालों की वास्तविकता जानने के लिए खबर सनसनी ने गढ़वाल रेंज के आईजी से शुक्रवार को विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
हरिद्वार से टिहरी स्थानांतरण के पीछे सामने आया निर्वाचन संबंधी कारण
गढ़वाल आईजी के अनुसार, इंस्पेक्टर नरेश राठौर का पहला स्थानांतरण सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत गढ़वाल रेंज स्तर से हरिद्वार जनपद में किया गया था। हरिद्वार में कुंभ आयोजन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों की तैनाती की प्रक्रिया भी इसका एक आधार थी. लेकिन इसके बाद निर्वाचन अधिकारियों से बातचीत के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नरेश राठौर पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जनपद में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। निर्वाचन संबंधी स्थानांतरण नियमों को ध्यान में रखते हुए उन्हें हरिद्वार से हटाकर टिहरी जनपद में स्थानांतरित किया गया..यानी हरिद्वार से टिहरी स्थानांतरण के पीछे आईजी द्वारा बताई गई वजह उनका पिछला चुनावी तैनाती रिकॉर्ड और निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया रही।
देहरादून एसएसपी कार्यालय का आदेश भी सामान्य स्थानांतरण प्रक्रिया का हिस्सा
इसके बाद देहरादून जनपद में सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत कई पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए। इसी क्रम में इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ का नाम भी देहरादून एसएसपी कार्यालय के लिए जारी स्थानांतरण आदेश में शामिल हुआ…आईजी ने स्पष्ट किया कि इस आदेश को टिहरी में उनकी अंतिम तैनाती के विकल्प के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। निर्वाचन संबंधी नियमों के अनुसार उनकी तैनाती टिहरी जनपद में ही होनी है और अब उन्हें देहरादून एसएसपी कार्यालय से टिहरी जाकर अपना कार्यभार संभालना है।
बिना आधिकारिक जानकारी के किसी अधिकारी को विवादित बताना कितना उचित?
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट जानकारियों को लेकर है। किसी अधिकारी के नाम से जुड़े अलग-अलग स्थानांतरण आदेशों को एक साथ जोड़कर उसे विवाद या विभागीय असमंजस का परिणाम बताना आसान है, लेकिन वास्तविकता जानने के लिए संबंधित आदेशों और आधिकारिक पक्ष की पड़ताल जरूरी है।
गढ़वाल आईजी से मिली जानकारी के अनुसार, नरेश राठौर के स्थानांतरणों के पीछे प्रशासनिक और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाएं रही हैं। ऐसे में केवल सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों के आधार पर उन्हें विवादित अधिकारी बताना या पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर निष्कर्ष निकालना तथ्यपरक पत्रकारिता नहीं कहा जा सकता।हालांकि, इस मामले में स्थानांतरण आदेशों और निर्वाचन आयोग के लागू दिशा-निर्देशों का दस्तावेजी मिलान भी महत्वपूर्ण है, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
खबर सनसनी की पड़ताल में फिलहाल सामने आया तथ्य यही है कि नरेश राठौर के तबादलों की कहानी सोशल मीडिया पर प्रस्तुत किए जा रहे दावों से अलग है। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक जानकारी, प्रशासनिक प्रक्रिया और दस्तावेजों को समझना जरूरी है। आखिर पत्रकारिता का उद्देश्य भ्रम फैलाना नहीं, बल्कि भ्रम के बीच वास्तविक तथ्य जनता के सामने रखना है।












