
आपदा प्रबंधन दिवस पर मुख्यमंत्री की चार बड़ी घोषणाएं, अग्निकांड पीड़ितों को SDRF मानकों के अनुरूप मिलेगी राहत राशि; आपदा और सड़क हादसों में मदद करने वाले नागरिकों को भी मिलेगा पुरस्कार..
देहरादून: उत्तराखंड में अब किसी आवासीय भवन में दुर्घटनावश आग लगने की घटना केवल अग्निकांड तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उसे आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा. ऐसे हादसों में प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के मानकों के अनुरूप राहत राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर यह महत्वपूर्ण घोषणा कर आम परिवारों को बड़ी राहत देने की दिशा में कदम बढ़ाया है..अब तक प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और मुआवजे की व्यवस्था प्रमुखता से सामने आती रही है, लेकिन आवासीय भवनों में आग लगने जैसी घटनाओं से प्रभावित परिवारों को भी सरकारी राहत के दायरे में लाने की यह घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे अग्निकांड के बाद आर्थिक संकट से जूझने वाले परिवारों को राहत मिलने का रास्ता खुलेगा…
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार(27नवम्बर 2026)को सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।



सेवानिवृत्त सैनिक और वर्दीधारी कार्मिक बनेंगे आपदा प्रबंधन की ताकत
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करने में किया जाएगा.इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था तैयार की जाएगी। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
आपदा में मदद करने वालों को सरकार करेगी पुरस्कृत
धामी सरकार की एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा आपदा और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करने की है। इसका उद्देश्य आपात परिस्थितियों में केवल सरकारी एजेंसियों पर निर्भर रहने के बजाय आम लोगों को भी राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है।
सिलक्यारा अभियान से मिली आपदा प्रबंधन की बड़ी सीख
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ बचाव अभियान चलाया। लगभग 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाला गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन सरकार के लिए लगातार चुनौती बना हुआ है। इसलिए आपदा आने के बाद राहत पहुंचाने के साथ-साथ पूर्व तैयारियों, जनजागरूकता और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने भूकंप की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।
133 क्विक रिस्पांस टीमें, 169 सेंसर से मजबूत होगी तैयारी
इस कार्यक्रम में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं.. वही इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया..
वही उत्तराखंड मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने आधुनिक तकनीक, स्थानीय समुदायों की सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को प्रभावी आपदा प्रबंधन का आधार बताया…इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे..













