
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, धर्मांतरण पर सख्ती, दंगाइयों से क्षतिपूर्ति वसूली और सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने को बताया प्रमुख उपलब्धि..
देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना शुरू कर दिया है। सरकार की ओर से जारी उपलब्धियों के ब्योरे में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने, धार्मिक एवं सामाजिक मामलों में कानूनी जवाबदेही तय करने और प्रदेश के भूमि संसाधनों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों को प्रमुखता दी गई है।सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून को अपने कार्यकाल के महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल किया है। इसके साथ ही सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए कानून बनाने तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है।
यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड
धामी सरकार ने अपनी प्रमुख उपलब्धियों में 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने को विशेष स्थान दिया है। इसके साथ ही उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना। इसके तहत विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों पर समान कानूनी व्यवस्था लागू की गई है।
नकल माफिया पर सख्ती, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता
सरकारी भर्तियों में नकल और पेपर लीक जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगाने के लिए वर्ष 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके तहत संगठित तरीके से परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले गिरोहों और संस्थाओं के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान किया गया है। दोषियों की अवैध संपत्ति जब्त करने और उन्हें भविष्य की भर्ती परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने की व्यवस्था भी की गई है। सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी देने को भी अपनी उपलब्धियों में गिनाया है।
धर्मांतरण और दंगों के दौरान नुकसान पर जवाबदेही
मुख्यमंत्री ने बताया कि धर्मांतरण के मामलों में सख्ती के लिए वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून में संशोधन किया गया। इसके तहत बल, प्रलोभन, धोखाधड़ी, अनुचित प्रभाव, दबाव अथवा विवाह के माध्यम से अवैध धर्म परिवर्तन कराने पर दंड का प्रावधान किया गया है।वहीं, दंगों, बंद और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से उसकी भरपाई कराने के लिए उत्तराखंड लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया। इसके तहत नुकसान का आकलन करने और जिम्मेदार लोगों से क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए दावा अधिकरण गठित करने की व्यवस्था की गई है।
11 पर्वतीय जिलों में बाहरी लोगों के लिए कृषि भूमि खरीद पर रोक
प्रदेश की जमीनों और स्थानीय हितों की सुरक्षा के लिए धामी सरकार ने वर्ष 2025 में सख्त भू-कानून लागू किया। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर प्रदेश के 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों के लिए कृषि एवं उद्यान भूमि खरीदने पर प्रतिबंध लगाया गया है। सरकार ने इसे प्रदेश के भूमि संसाधनों के संरक्षण और अनियंत्रित भूमि खरीद-बिक्री पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त
सरकार की ओर से जारी उपलब्धियों में धार्मिक स्थलों के नाम पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख है। सरकार के अनुसार, प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। इसके अलावा धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर लोगों को धोखा देने वाले छद्मवेशधारियों के विरुद्ध ऑपरेशन कालनेमि शुरू किया गया।
इस तरह धामी सरकार ने अपने पांच साल के रिपोर्ट कार्ड में कानूनों में किए गए बदलाव, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, भूमि संरक्षण और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े फैसलों को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में सामने रखा है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इन उपलब्धियों के जरिए सरकार अपने कार्यकाल के कामकाज और नीतिगत फैसलों का ब्योरा जनता के सामने रख रही है।












