
181 पुलिस टीमों ने 273 हॉटस्पॉट पर दी दबिश, 61 नई हिस्ट्रीशीट खोलीं; 1.3 एकड़ में अवैध मादक फसल भी की नष्ट..
देहरादून :देवभूमि उत्तराखण्ड में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के संगठित नेटवर्क पर उत्तराखण्ड पुलिस ने प्रदेशव्यापी शिकंजा कस दिया है। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर 24 और 25 नवंबर को चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ के तहत प्रदेशभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत 69 मुकदमे दर्ज किए और करीब 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ एवं अवैध शराब बरामद की..इस अभियान के दौरान 181 पुलिस टीमों ने 273 चिन्हित हॉटस्पॉट पर छापेमारी और सघन चेकिंग की। इस दौरान 968 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। देहरादून के सपेरा बस्ती और बिंदाल पुल, ऋषिकेश के गुमानीवाला, टिहरी के मुनि की रेती, नैनीताल, कोटद्वार और ऊधमसिंह नगर के संवेदनशील इलाकों में विशेष कार्रवाई की गई।
हेरोइन, चरस और गांजे की बड़ी बरामदगी
पुलिस ने अभियान में 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलोग्राम चरस, 45 किलोग्राम गांजा, 1,510 नशीली टैबलेट और कैप्सूल तथा अंग्रेजी शराब की 40 पेटियां बरामद कीं। बरामदगी का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1.35 करोड़ रुपये बताया गया है। ANTF/STF ने व्यावसायिक मात्रा से जुड़े दो मामलों में 4.1 किलोग्राम चरस और 1,282 नशीली टैबलेट व कैप्सूल भी बरामद किए।
तस्करों के नेटवर्क पर भी कड़ा प्रहार
पुलिस ने गिरफ्तारी के साथ नशा कारोबार से जुड़े अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए भी कार्रवाई की। दो आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया, पांच गैर-जमानती वारंट निष्पादित किए गए और 61 नई हिस्ट्रीशीट खोली गईं। इसके अलावा 1.3 एकड़ भूमि पर अवैध मादक फसल नष्ट की गई तथा MANAS हेल्पलाइन 1933 पर मिली आठ शिकायतों का सत्यापन किया गया।
2026 में अब तक 62 करोड़ के मादक पदार्थ बरामद
उत्तराखण्ड पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक NDPS एक्ट के तहत 1,340 मुकदमे दर्ज कर 1,601 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 62 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। वहीं, PITNDPS एक्ट के तहत 16 लोगों पर कार्रवाई की गई और वित्तीय जांच के जरिए नशा तस्करी से अर्जित करीब 6.30 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई है।
उत्तराखंड पुलिस के अनुसार नशा तस्करों के साथ-साथ उनके संगठित नेटवर्क और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी निशाना बनाया जाएगा। देवभूमि के युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।











