
एक दिन पहले बिजली कनेक्शन काटे, आज प्रतिष्ठानों पर जड़ दिए ताले; राजपुर रोड पर बार, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों पर संयुक्त कार्रवाई..
देहरादून: विधानसभा चुनाव की आहट के बीच देहरादून में जिला प्रशासन की कार्रवाई का डंडा अब तेजी से चलने लगा है। पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन के मामले में जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने राजपुर रोड स्थित छह प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। कार्रवाई को लेकर यह सवाल भी उठ रहा है कि पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन अब तक क्यों खामोश था और सख्ती दिखाने में इतनी देर क्यों हुई?
जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों पर हुई इस कार्रवाई से पहले संबंधित प्रतिष्ठानों के विद्युत कनेक्शन काटे गए थे। इसके अगले ही दिन प्रशासन ने सीलिंग की कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठानों पर ताले जड़ दिए।
इन 06 प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई..
प्रशासन की जानकारी के अनुसार सील किए गए प्रतिष्ठानों में मोजो रेस्टो बार एवं पार्टी लाउन्स, लाइफस्टाइल (प्लेबॉय), लेवल वन रेस्टो, केएफसी (सेफ्योर फूड इंडिया), एएस-4 इंटीग्रेटेड फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड सहित राजपुर रोड स्थित कुल 06 प्रतिष्ठान शामिल हैं।
ज़िला प्रशासन के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों को पर्यावरणीय मानकों और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। उल्लंघन पाए जाने पर पहले बिजली कनेक्शन काटे गए और अब सीलिंग की कार्रवाई की गई है।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहने का दावा
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। पर्यावरण संरक्षण और जनहित के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी नरेश गोस्वामी, बोर्ड के वैज्ञानिक अधिकारी, तहसीलदार सदर और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अब देखना होगा कि प्रशासन की यह सख्ती केवल राजपुर रोड तक सीमित रहती है या जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर इसी तरह कार्रवाई होती है।












