
देहरादून : दून पुलिस ने मंगलवार तड़के से नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नगर और देहात क्षेत्रों में औचक छापेमारी के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुके अथवा प्रकाश में आए 176 अभियुक्तों से पूछताछ और सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनके वर्तमान कामकाज, मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाई, ताकि दोबारा नशे के कारोबार में संलिप्तता का पता लगाया जा सके। पुलिस ने सभी को दोबारा तस्करी में शामिल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
रायवाला में 8.688 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार
पुलिस ने इस अभियान के दौरान रायवाला क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप के पास चेकिंग के दौरान हरिद्वार की ओर से आ रही स्कूटी सवार दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से 8 किलो 688 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण (40 वर्ष) और अजय कुमार (27 वर्ष), निवासी बनखंडी, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की यामाहा स्कूटी (UK14P-0392) भी कब्जे में ली है।दोनों तस्करों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में NDPS एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।










दून पुलिस का यह अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्व नशा तस्करों की मौजूदा गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन की निगरानी के जरिए नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में भी अहम कदम है।











