
श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप बनेंगे आधुनिक घाट; 36 हजार युवाओं को नौकरी देने का भी किया जिक्र
श्रीनगर को धामी की बड़ी सौगात: साइंस सिटी, हेली सेवा और आधुनिक घाटों की घोषणा, विकास को मिलेगी नई रफ्तार..
बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ कर मुख्यमंत्री ने गिनाईं विकास योजनाएं, धार्मिक पर्यटन से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ कर क्षेत्र को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने तथा पंचप्रयाग और मां धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों के निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मेले में स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसकर स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव भी प्रदर्शित किया।












मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से उत्तराखंड का महत्वपूर्ण केंद्र है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीनगर को मिलेंगी ये बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन को स्वीकृति देने की बात कही। विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के साथ धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।
650 करोड़ का एनआईटी, 200 करोड़ की सीवर परियोजना
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि श्रीनगर में लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मंडी-चौरास-जाखणी पेयजल पंपिंग योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।इसके अलावा पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना, आधुनिक बस स्टैंड, पार्किंग सुविधाओं तथा कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी, मानदेय वृद्धि का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है। नकल माफिया और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है।उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि किए जाने के निर्णय को भी मातृशक्ति के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य चल रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।











