
कूटरचित दस्तावेजों से कराई रजिस्ट्री; करोड़ों रुपये लेकर हुए थे फरार
देहरादून: राजधानी देहरादून में जमीन धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। असली भूमि स्वामी की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराने और भूमि बिक्री के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में राजपुर थाना पुलिस ने दो फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को सहस्त्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संजय त्यागी सहित अन्य लोगों ने भूमि विक्रय के नाम पर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की। आरोपियों ने असली भूमि स्वामी के स्थान पर एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और वादी की पत्नी के पक्ष में जमीन की रजिस्ट्री करा दी। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान भूमि बिक्री के नाम पर करोड़ों रुपये की धनराशि भी प्राप्त की गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैन्युअल पुलिसिंग की मदद से फरार चल रहे संजय त्यागी और परविंदर कुमार को आईटी पार्क के पिछले गेट, धोरण रोड से गिरफ्तार कर लिया. इस केस में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद विवेचना में आईपीसी की धारा 120बी की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब इस जमीन धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश में जुटी है..
गिरफ्तार अभियुक्त
- संजय त्यागी पुत्र सालिक चंद्र त्यागी, निवासी फ्लैट नंबर 10, महादेव अपार्टमेंट, गैस गोदाम, थाना राजपुर, देहरादून..
- परविंदर कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार, निवासी राजेश्वर नगर, लेन नंबर 6, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून..












