
टनकपुर-बनबसा में जलभराव से निजात के लिए ₹86.83 करोड़ की योजना, पूर्णागिरि रोपवे और अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण भी तेजी से आगे..
चंपावत:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में विकास की रफ्तार बढ़ाते हुए ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के जरिए आत्मनिर्भरता की राह मजबूत करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प को धरातल पर उतारने और जनपद के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने का प्रयास हैं। सड़क, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास से जनपद को नई गति मिलेगी।
टनकपुर-बनबसा को जलभराव से मिलेगी राहत
बरसात में जलभराव की समस्या से जूझने वाले टनकपुर और बनबसा के लिए ₹86.83 करोड़ की जल निकासी योजना को अहम माना जा रहा है। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण और सुधार किया जाएगा। योजना पूरी होने पर दोनों शहरों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है।
पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान
- टनकपुर में ₹237.74 करोड़ से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण।
- माँ पूर्णागिरि धाम में ₹45 करोड़ से रोपवे निर्माण कार्य गतिमान।
- शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर काम जारी।
- शारदा कॉरिडोर की समग्र परियोजना ₹3,000 करोड़ से अधिक की।
- किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत।
- बनबसा में लगभग ₹502 करोड़ की भारत सरकार की लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती व्यापार, रोजगार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का विस्तार
सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
- ₹256.97 करोड़ – लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
- ₹55.53 करोड़ – विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर)
- ₹20 करोड़ – 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक
महिला स्पोर्ट्स कॉलेज से पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा, वहीं साइंस सेंटर और क्रिटिकल केयर ब्लॉक शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देंगे।
योजनाओं से आत्मनिर्भरता की मिसाल बने पांच लाभार्थी सम्मानित
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता हासिल करने वाले पांच लोगों को सम्मानित किया।
- त्रिलोक सिंह सामंत, बस्टिया, टनकपुर — प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना
- लक्ष्मी देवी, गुदमी, बनबसा — महिला बकरी पालन योजना
- पूजा महर, उचोलीगोठ — राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन
- रोहित चंद, बिचई — कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग)
- आनंद प्रसाद, गुदमी — स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। लाभार्थियों की सफलता दूसरे लोगों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगी।
आदर्श चम्पावत से आदर्श उत्तराखंड का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आदर्श चम्पावत का विजन केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं, बल्कि आदर्श उत्तराखंड के निर्माण का आधार है। विकास तभी सार्थक है, जब योजनाओं का लाभ आम नागरिक के जीवन में वास्तविक बदलाव लाए..
















