
मुख्यमंत्री की दो टूक—ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता से करें जनसेवा, राजस्व मामलों के निस्तारण में न बरतें लापरवाही..
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुद्धवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए.इन चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी..मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ उन्हें जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। अधिकारी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें..





मुख्यमंत्री ने नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तहसीलों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए अधिकारियों को किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों के अनुसार निर्णय लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है और यही अधिकारियों की कार्यशैली में भी दिखाई देना चाहिए।मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
नए चयनित नायब तहसीलदारों की नियुक्तियों के अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्व प्रशासन के माध्यम से आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे..











