
देहरादून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री चौम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी के साथ खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख कर दी गई है..
प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।इसके अलावा पीआरडी जवानों को होमगार्ड जवानों की भांति मानदेय देने के लिए समिति गठित करने, आमवाला में मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए भूमि हस्तांतरण और विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।
वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए ₹109.88 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
एक नजर में बड़े फैसले
- मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से ₹10 लाख।
- खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50।
- हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब।
- पीआरडी जवानों के मानदेय पर समिति गठित होगी।
- सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ेगा।
- आमवाला में मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र।
- चम्पावत में मेला स्थल के सौंदर्यीकरण को ₹109.88 लाख..












