
आशियाने और 06 माह का राशन गंवाने वाले परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ सुरक्षित आवास, खाद्यान्न और बच्चों की शिक्षा की मिलेगी व्यवस्था, सर्दी-बर्फबारी से पहले पुनर्वास पर जोर।
उत्तरकाशी: मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के सामने अब जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने की बड़ी चुनौती है। आग की घटना में अपने आशियाने, घरेलू सामान और जीवनभर की जमा पूंजी गंवा चुके पीड़ित परिवारों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी और हर प्रभावित परिवार को इस मुश्किल घड़ी से उबारने के लिए आर्थिक सहायता सहित कई महत्वपूर्ण राहत उपायों की घोषणा की।





मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि जिन परिवारों ने अपना सबकुछ खोया है, उन्हें दोबारा सुरक्षित और सामान्य जीवन की ओर लौटाना है।
सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास की व्यवस्था
पहाड़ी क्षेत्र में सर्दी के बढ़ते प्रकोप और संभावित बर्फबारी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को खुले में या असुरक्षित परिस्थितियों में रहने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। राहत और पुनर्वास के कार्यों में किसी तरह की देरी न हो और प्रत्येक परिवार की जरूरत के अनुसार व्यवस्थाएं की जाएं।
छह माह का राशन जला, अब सरकार करेगी खाद्यान्न की व्यवस्था
अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ वहां सुरक्षित रखा छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट खड़ा न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने आगामी छह माह के राशन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दैनिक जरूरतों की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी उपलब्ध कराने को कहा।
बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
अग्निकांड की मार झेल रहे परिवारों के बच्चों की शिक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आग की घटना के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार विद्यालय और शिक्षा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि बच्चों का भविष्य इस हादसे से प्रभावित न हो।
पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत बातचीत, हर जरूरत का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर केवल अधिकारियों से जानकारी लेने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं तथा उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें इस संकट में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी सरकार का ध्यान
मुख्यमंत्री ने पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्यों पर भी काम करने की बात कही। हालांकि उन्होंने साफ किया कि फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना, उनके रहने और खाने की व्यवस्था करना तथा उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है।मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे और राहत कार्यों की जानकारी ले रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने इस अग्निकांड में अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझना जरूरी है। सरकार का प्रत्येक अधिकारी और पूरा प्रशासनिक तंत्र प्रभावित बच्चों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं, बल्कि परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प है।इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार राहत कार्यों की निगरानी करने और स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
फिलहाल पवाणी गांव के अग्निकांड पीड़ितों के लिए सबसे बड़ी जरूरत सुरक्षित छत, भोजन और बच्चों की पढ़ाई को दोबारा सामान्य करना है। मुख्यमंत्री की ओर से घोषित ₹5 लाख की सहायता और छह माह के राशन सहित अन्य व्यवस्थाओं से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में राहत मिलने की उम्मीद है..















