
थाना प्रभारियों से लेकर चौकी और एसओजी तक बदली जिम्मेदारियां, कई थानों को मिले नए प्रभारी; पुलिस लाइन से सात निरीक्षकों को मिली थानों की कमान।
देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत देहरादून जनपद में पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को दुरुस्त रखने के मद्देनजर जनपद में तैनात निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के कुल 18 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर को अलग-अलग थानों, पुलिस कार्यालय, एसओजी और एसआईएस शाखा में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं..
एसएसपी देहरादून द्वारा ज़ारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के परिप्रेक्ष्य में जनपद में नियुक्त निरीक्षकों के अन्य जनपदों में स्थानांतरण होने के फलस्वरूप देहरादून के थानों में रिक्तियों को देखते हुए यह फेरबदल तत्काल प्रभाव से किया गया है।
इन थानों को मिले नए प्रभारी
तबादला सूची के अनुसार पुलिस लाइन से इन 07 इंस्पेक्टरों को सीधे थानों की कमान सौंपी गई है।
- कमल मोहन भंडारी – कोतवाली नगर
- कुन्दन सिंह राणा – पटेलनगर थाना
- विरेंद्र चन्द्र रमौला – रायपुर थाना
- मुकेश चौहान – रायवाला थाना
- मनोहर भंडारी – प्रेमनगर थाना
- नरेंद्र बिष्ट – सहसपुर थाना
- शांति कुमार – सेलाकुई थाना
इसके अलावा निरीक्षक बीएल भारती को चकराता से मसूरी, राकेंद्र कठैत को प्रभारी एएचटीयू से नेहरू कॉलोनी और पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को पुलिस कार्यालय (एसएसपी ऑफिस )में भेजा गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी बदली जिम्मेदारियां
उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर )स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं।
- मोहन सिंह – रायवाला से एसएसआई डालनवाला।
- पीडी भट्ट – राजपुर से थानाध्यक्ष रानीपोखरी।
- मनोज नौटियाल – सहसपुर से थानाध्यक्ष वसंत विहार।
- शैंकी कुमार – सेलाकुई से एसओजी प्रभारी देहात।
- गिरीश नेगी – प्रेमनगर से एसएसआई सेलाकुई।
- अमित शर्मा – वसंत विहार से एसआईएस शाखा।
- संजीत कुमार – रायपुर से एसआईएस शाखा।
- कुलेन्द्र सिंह – एसएसआई डालनवाला से थाना डालनवाला।
चुनाव से पहले पुलिस महकमे में फेरबदल के मायने
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए पुलिस विभाग में यह फेरबदल महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को थानों की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं उपनिरीक्षकों को भी नई तैनाती देकर विभागीय व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
खास बात यह है कि इस आदेश में चुनाव-2027 का स्पष्ट उल्लेख करते हुए अन्य जनपदों में निरीक्षकों के स्थानांतरण से देहरादून के थानों में उत्पन्न रिक्तियों को भरने की बात कही गई है। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।












