8,279 करोड़ के कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स की धामी ने की समीक्षा, 1,109 करोड़ के काम ही क्रियान्वयन के चरण में!

हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश; एक महीने में धरातल पर काम दिखाने की समयसीमा, 66 से 80 हजार रोजगार मिलने का अनुमान…

देहरादून:उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास के नाम पर हजारों करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, लेकिन इनकी धरातलीय प्रगति के आंकड़े भी अब चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की…इस बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, तीनों कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8,279 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, लेकिन इनमें से लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं ही फिलहाल क्रियान्वयन के चरण में हैं। यानी प्रस्तावित परियोजनाओं के मुकाबले करीब 13.4 प्रतिशत लागत वाली परियोजनाएं ही इस चरण तक पहुंची हैं। शेष लगभग 7,170 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर आगे की प्रक्रिया और कार्यान्वयन की स्थिति महत्वपूर्ण होगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो परियोजनाएं गतिमान हैं, उनमें तेजी लाई जाए और जिन परियोजनाओं को शुरू किया जा सकता है, उनकी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द काम शुरू कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  STF का शिकंजा:30 लाख की स्मैक के साथ बरेली का बड़ा ड्रग्स माफ़िया सहयोगी समेत गिरफ्तार,गैंगस्टर एक्ट में होगी संपत्ति जब्त:STF

हरिद्वार कॉरिडोर: 3,297 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं।बैठक में बताया गया कि प्रशासनिक मार्ग के विकास का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में विकास कार्यों का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

वही मां मनसा देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 55 प्रतिशत और मां चंडी देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 50 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा करने की योजना है..

ऋषिकेश में 3,456 करोड़ की परियोजनाओं पर नजर

उत्तराखंड सरकार के मुताबिक ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। जबकि जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में 05 इंस्पेक्टरों के ताबड़तोड़ तबादले.. मुकेश त्यागी डोईवाला तो राकेश गुसाईं नए शहर कोतवाल ..

वही इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण कराया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग तथा पर्यटक सुविधाओं के विकास की योजनाएं भी शामिल हैं।

शारदा रिवरफ्रंट: 1,526 करोड़ की परियोजनाएं प्रस्तावित

सरकार के अनुसार शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। वही आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की लागत से शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में बताया गया।

80 हजार तक रोजगार मिलने का अनुमान

इस महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों ने बताया कि तीनों कॉरिडोर परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। इस तरह कुल 66 से 80 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है। वही इसके अतिरिक्त श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में साहसिक पर्यटन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश आकर्षित करने और परियोजनाओं की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड की घाटियों से मसूरी तक 658 KM का हिमालयी रोमांच! 10 जिलों में दौड़ेंगी MTB साइकिलें, 80 राइडर्स के साथ ‘अल्टीमेट उत्तराखंड’ का आगाज..

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास परियोजनाओं को क्षेत्र विशेष की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जाए, ताकि पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके..बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 8,279 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजनाओं में से शेष परियोजनाएं कब तक क्रियान्वयन के चरण में पहुंचेंगी? मुख्यमंत्री ने एक महीने में कुछ परियोजनाओं के काम धरातल पर दिखाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इन महत्वाकांक्षी योजनाओं की वास्तविक प्रगति और निर्धारित समयसीमा पर सभी की नजर रहेगी।

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें