
विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ, छह महाद्वीपों में एक साथ होगा मंथन; हिमालयी आपदाओं, जलवायु परिवर्तन, आधुनिक तकनीक और पर्यावरणीय संतुलन पर केंद्रित रहेगा विमर्श..
देहरादून: उत्तराखंड की आपदा संवेदनशीलता और हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बढ़ती प्राकृतिक चुनौतियों के बीच देहरादून में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए ₹1 करोड़ देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और आपदा प्रबंधन संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
इन सम्मेलन का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक अनुभवों, वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और नवाचार को साझा करना तथा आपदा जोखिमों को कम करने के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करना है। सम्मेलन के विभिन्न सत्र छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों और 30 से अधिक सहयोगी संस्थानों की सहभागिता भी इसमें शामिल है।





सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता को बनाया सम्मेलन का आधार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 28 नवंबर का दिन उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है। वर्ष 2023 में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान श्रमिकों के परिजनों की चिंता, देशभर में लोगों की प्रार्थनाओं और बचाव अभियान में जुटी विभिन्न एजेंसियों के प्रयासों को याद करते हुए श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के साहस की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार मार्गदर्शन और सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री प्रतिदिन उनसे संवाद कर अभियान की जानकारी लेते रहे। उन्होंने इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
आपदा के बाद बचाव नहीं, पहले जोखिम पहचानने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन की सोच अब केवल राहत और बचाव कार्यों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। संभावित जोखिमों का पूर्वानुमान, समय रहते चेतावनी, बेहतर तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण की व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है, ताकि आपदाओं में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि, बाढ़, सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाओं की चुनौती बढ़ रही है। इन परिस्थितियों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, वैज्ञानिक अध्ययन और प्रभावी कार्ययोजना समय की आवश्यकता है।
हिमालयी क्षेत्र में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री ने हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, वर्ष 2021 की चमोली आपदा, सिलक्यारा सुरंग घटना और हाल के वर्षों में सामने आई प्राकृतिक आपदाएं विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता को स्पष्ट करती हैं।उन्होंने कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। ग्लेशियर, वन, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र क्षेत्र की जल एवं पर्यावरणीय सुरक्षा से जुड़े हैं। ग्लेशियरों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, अतिवृष्टि, भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ जैसी घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन तथा प्रभावी पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करना आवश्यक है।
एआई, ड्रोन, सैटेलाइट और जीआईएस से मजबूत होगी तैयारी
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, जिससे समय रहते चेतावनी जारी हो सके और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रभावी बनाई जा सके।उन्होंने पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समन्वय को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन को पूर्व तैयारी, जोखिम न्यूनीकरण, राहत, बचाव, पुनर्वास और पुनर्निर्माण से जोड़कर व्यापक व्यवस्था विकसित करनी होगी।
घर, गांव और समुदाय से शुरू हो आपदा के प्रति तैयारी
सम्मेलन की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम—एंटीसिपेटिंग रिस्क्स, बिल्डिंग रेजिलिएंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से मुकाबले की तैयारी केवल सरकारी संस्थाओं तक सीमित नहीं हो सकती। इसकी शुरुआत घर, गांव, विद्यालय, कार्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए।
प्रशिक्षित युवा, पंचायतें, स्थानीय संस्थाएं और समुदाय आधारित चेतावनी प्रणाली आपदा के प्रभाव को कम करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी होना भी जरूरी है।
धराली आपदा का जिक्र, प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहने का संदेश
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा के दौरान स्वयं प्रभावित क्षेत्र पहुंचने और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लेने का अनुभव साझा किया। उन्होंने कठिन मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रभावित लोगों से मुलाकात तथा गुजरात की एक महिला द्वारा उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधने के भावुक प्रसंग का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि आपदा के कठिन समय में लोगों का विश्वास और स्नेह सरकार को प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसडीआरएफ को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर काम कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। विकास योजनाओं में सुरक्षा, पर्यावरणीय संतुलन और आपदा प्रबंधन को समाहित करना जरूरी है। सुरक्षित, टिकाऊ और समृद्ध भविष्य के लिए विकास तथा पारिस्थितिकी के बीच संतुलन स्थापित करना होगा।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड, हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य आपदा संवेदनशील क्षेत्रों के लिए नई रणनीतियों, तकनीकी नवाचारों, अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें..











