
ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड और नशे में ड्राइविंग पर होगी कार्रवाई, सवाल—क्या सड़कों पर सुरक्षा के इंतजाम भी धरातल पर सुधरेंगे..
ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और नशे में ड्राइविंग करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश, पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के आदेश; सवाल—क्या हादसों के बाद जागने वाला सिस्टम अब पहले से सतर्क होगा?
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही जनहानि को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता जताई है। पौड़ी जनपद के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।वही विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित करने और वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया है। उनका कहना है कि केवल निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के लिए ठोस एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई जरूरी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस विशेष अभियान से उत्तराखंड की सड़कों पर वास्तव में सुरक्षा व्यवस्था बदलेगी? पर्वतीय मार्गों पर कई स्थानों पर सड़क की स्थिति, सुरक्षा पैरापिट, क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेतक और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जरूरी इंतजामों को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में परिवहन, पुलिस और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी केवल चालान और जांच तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद सड़क सुरक्षा अभियान कितनी गंभीरता से धरातल पर उतरता है और क्या संबंधित विभाग दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित कर पाते हैं।











