आरटीओ के बाहर दो गाड़ियों में चल रहा था फर्जीवाड़े का ‘मिनी ऑफिस’,एसटीएफ ने दो शातिरों को दबोचा!

सरकारी शुल्क की सही जानकारी छिपाकर वाहन स्वामियों से हो रही थी कथित अवैध वसूली, 75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 बरामद; निजी लैपटॉप-प्रिंटर से संचालित हो रहा था दस्तावेज तैयार कराने का खेल।

आरटीओ कार्यालय के बाहर कब से चल रहा था सरकारी व्यवस्था के नाम पर ठगी का खेल? क्या विभागीय निगरानी व्यवस्था को इसकी भनक तक नहीं लगी?

उधम सिंह नगर/ रुद्रपुर:- कार्यालयों में आम जनता अपने जरूरी कामकाज के लिए पहुंचती है, लेकिन जब उसी सरकारी व्यवस्था के नाम पर ठगी और अवैध वसूली का खेल चलने लगे तो सवाल व्यवस्था की निगरानी पर भी उठना लाजिमी है. जिहाँ रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय के बाहर ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां दो निजी गाड़ियों को कथित तौर पर अवैध कार्यालय बनाकर वाहन स्वामियों से दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूली जा रही थी। उत्तराखंड एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।ल..इस कार्रवाई में 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 सहित बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं। बरामदगी ने इस पूरे कथित नेटवर्क की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दो निजी गाड़ियां बनी थीं अवैध कार्यालय, लैपटॉप-प्रिंटर से चल रहा था खेल

एसटीएफ के अनुसार, आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो अलग-अलग निजी वाहनों में बैठकर आरोपी वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे थे। एक वाहन में प्रवीण बाछाड़ और दूसरे वाहन में पंकज कांति सेन लैपटॉप के माध्यम से काम करते मिले.ऐसे में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और थाना पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज, लैपटॉप, प्रिंटर, इंटरनेट डिवाइस और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  अपडेट: सेना के साथ गश्त पर गए , 3 स्थानीय पोर्टरों की मौत ।शव बरामद ,बर्फ में दबे मिले शव ..

सरकारी शुल्क छिपाकर वाहन स्वामियों को लगाते थे चूना

STF के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर उनसे निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूलते थे..एसटीएफ की जांच में, कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच की जा रही है।

75 आरसी और 7 ड्राइविंग लाइसेंस की बरामदगी ने बढ़ाई जांच की गंभीरता

एसटीएफ की कार्रवाई में बरामद दस्तावेजों का विवरण भी चौंकाने वाला है।

  • 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी)
  • 7 ड्राइविंग लाइसेंस
  • 19 फॉर्म-30
  • फॉर्म-30 के साथ संलग्न आरसी, आधार कार्ड और पैन कार्ड
  • 1 लैपटॉप और 1 प्रिंटर
  • 1 माउस, लैपटॉप एडॉप्टर और इंटरनेट डिवाइस
  • घटना में इस्तेमाल किए गए 2 निजी वाहन
यह भी पढ़ें 👉  महिला सुरक्षा-सशक्तिकरण जागरूकता को लेकर भारत भ्रमण पर निकली Cyclist आशा मालवीय का देहरादून SSP ने किया सम्मानपूर्वक स्वागत..मनोबल बढ़ा किया सम्मान, आशा बोली देवभूमि उत्तराखंड जैसा सम्मान व प्यार कहीं नहीं मिला..

अब जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इतनी बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज आरोपियों तक कैसे पहुंचे? ये दस्तावेज किन वाहन स्वामियों के हैं और क्या इनके जरिए किसी अन्य प्रकार की धोखाधड़ी भी की गई है?

कार्रवाई के बाद उठे बड़े सवाल: विभागीय निगरानी कहां थी?

आरटीओ कार्यालय के बाहर निजी वाहनों में बैठकर कथित रूप से दस्तावेज तैयार कराने और सरकारी शुल्क के नाम पर अधिक धनराशि वसूलने का मामला केवल दो आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं माना जाना चाहिए।

इस पूरे प्रकरण में कुछ महत्वपूर्ण सवालों के जवाब सामने आना जरूरी है—

  • आरटीओ कार्यालय के बाहर यह कथित गतिविधि कब से संचालित हो रही थी?
  • क्या संबंधित विभाग को कार्यालय के आसपास सक्रिय ऐसे अनधिकृत लोगों की जानकारी थी?
  • डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका थी?
  • बरामद 75 आरसी और 7 ड्राइविंग लाइसेंस किन वाहन स्वामियों के हैं?
  • क्या इस नेटवर्क के तार किसी अन्य व्यक्ति या विभागीय स्तर पर संभावित मिलीभगत से जुड़े हैं?

इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल किसी विभागीय अधिकारी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

एसटीएफ की जांच अब पूरे नेटवर्क पर

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और पंकज कांति सेन निवासी वार्ड नंबर-3, ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। एसटीएफ बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण कर रही है। जांच का उद्देश्य इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करना और अब तक की गई अवैध वसूली का पता लगाना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड STF को मिली बड़ी सफलता:बैंक खाते और सिम कार्ड सप्लाई करने वाले एक और बड़े हवाला ऑपरेटर को देहरादून साइबर थाने ने महाराष्ट्र किया गिरफ्तार… देहरादून निवासी से 01 करोड़ की ठगी..गिरफ्त में आये अभियुक्त पर पूरे देशभर 159 मुकदमें एवं 3272 विभिन्न साइबर अपराधों में देश भर में आपराधिक तार..

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि आरटीओ संबंधी कार्यों के लिए अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें और किसी अनजान व्यक्ति को अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज न सौंपें। किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या धोखाधड़ी की सूचना एसटीएफ को मोबाइल नंबर 9412029536 पर दी जा सकती है।

आरटीओ जैसे महत्वपूर्ण विभाग में वाहन स्वामियों को सरकारी शुल्क की सही जानकारी उपलब्ध कराना और अधिकृत प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना विभाग की जिम्मेदारी है। यदि कार्यालय के बाहर ही निजी गाड़ियों में कथित अवैध कार्यालय संचालित हो रहे थे, तो विभागीय निगरानी व्यवस्था की समीक्षा भी जरूरी है।एसटीएफ की कार्रवाई सराहनीय है, लेकिन असली सफलता तब मानी जाएगी जब इस नेटवर्क के सभी संभावित कनेक्शन सामने आएं, वाहन स्वामियों के दस्तावेज सुरक्षित लौटाए जाएं और भविष्य में सरकारी कार्यालयों के नाम पर होने वाली ठगी पर प्रभावी रोक लगे।

बहराल सवाल सिर्फ दो आरोपियों की गिरफ्तारी का नहीं, सरकारी कार्यालयों के आसपास सक्रिय कथित फर्जीवाड़े के नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण का भी है?..

परमजीत सिंह लाम्बा

संपादक - ख़बर सनसनी PH-7454913200,7906640014

सम्बंधित खबरें