
बजरंग दल की शिकायत के बाद जांच का सर्किल बदला..
देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की कथित लूट का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। बजरंग दल की शिकायत और पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवालों के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब इस पूरे मामले की जांच नगर क्षेत्र से हटाकर देहात क्षेत्र को सौंप दी गई है। एसपी देहात जया बलूनी के निर्देशन में प्रकरण की आगे की जांच की जाएगी।
एसएसपी के इस फैसले को मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी पक्ष के साथ पक्षपात नहीं होगा। यदि जांच के दौरान कोई पुलिस अधिकारी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यानी पुलिस अधिकारी होने का किसी को कोई विशेष संरक्षण नहीं मिलेगा।
बजरंग दल की शिकायत के बाद बदली जांच
दरअसल, पटेलनगर क्षेत्र में 7 नवंबर को छोटी दिवाली के दिन इंद्रेश अस्पताल के पास 14 लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, चश्मदीदों के बयान और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 3 लाख 2 हजार रुपये की बरामदगी बताई है।
इसी मामले में बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद गहरा गया। संगठन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गिरफ्तारी को गलत बताया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। संगठन की ओर से पुलिस कार्यालय पहुंचकर शिकायत भी दी गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली और संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए गए।
एसएसपी का सख्त संदेश, पुलिस अधिकारी भी जांच के दायरे में
विवाद और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जांच की जिम्मेदारी सिटी सर्किल से हटाकर देहात सर्किल को सौंप दी है। अब एसपी देहात जया बलूनी के निर्देशन में मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल होगी।
एसएसपी का स्पष्ट रुख है कि शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोप हों या पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, हर बिंदु की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी की भूमिका भी गलत पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच के नतीजों पर टिकी निगाहें
इस पूरे प्रकरण में अब सबसे अहम सवाल यही हैं कि 14 लाख रुपये की कथित लूट की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका क्या रही, बरामद रकम के अलावा शेष धनराशि का क्या हुआ और पुलिस की कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.. अब जांच का जिम्मा दूसरे सर्किल को सौंपे जाने के बाद अब एसपी देहात के निर्देशन में इन सभी पहलुओं की पड़ताल होगी। निष्पक्ष जांच और पुलिस की जवाबदेही को लेकर एसएसपी के सख्त संदेश ने इस मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।
बहराल अब देखना होगा कि नई जांच में कौन-कौन से तथ्य सामने आते है..











