
चारधाम यात्रा के दौरान जाम और पार्किंग की समस्या से मिलेगी राहत, 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित; भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी
पौड़ी: उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां धारी देवी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार पार्किंग निर्माण के लिए श्रीनगर तहसील के ग्राम कलियासौड़ में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे प्रस्तावित इस पार्किंग का आकार करीब 20×70 मीटर होगा। इसमें लगभग 100 ईसीएस वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी।जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार चिह्नित भूमि का जीआईएस सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और भूमि को निर्धारित शर्तों के तहत निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।









भूमि हस्तांतरण के बाद आगे बढ़ेगा निर्माण
इस परियोजना की भूमि वर्तमान में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है, जिसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड कर रही है। निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए संबंधित कंपनी से एनओसी प्राप्त कर भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित कराई जानी है।इसके साथ ही कार्यदायी संस्था नामित करने की प्रक्रिया भी चल रही है। संस्था के चयन के बाद आर्किटेक्चरल डिजाइन और मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा।
चारधाम यात्रा में जाम से मिलेगी राहत
मां धारी देवी मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में प्रस्तावित दो मंजिला पार्किंग से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियोजित पार्किंग से पैदा होने वाली समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। परियोजना पूरी होने पर धारी देवी मंदिर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
- आधुनिक दो मंजिला पार्किंग
- 100 वाहन लगभग पार्किंग क्षमता
- 0.14 हेक्टेयर चिह्नित भूमि
- स्थान: मां धारी देवी मंदिर, श्रीनगर (पौड़ी)











