
पटेलनगर प्रकरण में एसपी देहात ने कहा—जिसके पास भी स्वतंत्र तथ्य, साक्ष्य या जानकारी हो, वह कार्यालय पहुंचकर दर्ज करा सकता है अपना बयान; सभी पहलुओं को जांच में किया जाएगा शामिल।
देहरादून:पटेलनगर के चर्चित 14 लाख रुपये लूट प्रकरण में अब एसपी देहात जय बलूनी ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी व्यक्ति के पास कोई स्वतंत्र साक्ष्य, तथ्य या महत्वपूर्ण जानकारी है तो वह पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कार्यालय पहुंचकर अपना बयान दर्ज करा सकता है और संबंधित साक्ष्य उपलब्ध करा सकता है।
एसपी कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक स्पष्टीकरण में कहा गया है कि थाना पटेलनगर में पंजीकृत अभियोग के संबंध में प्राप्त प्रार्थनापत्र पर एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पहले ही निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रथम को जिम्मेदारी सौंप दी है।
ऐसे में एसपी देहात जया बलूनी का कहना है कि इस प्रकरण में जो भी व्यक्ति स्वतंत्र साक्ष्य, तथ्य अथवा कथन देना चाहता है, उसके बयान और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाएगा। जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी निगाहें
14 लाख रुपये के इस विवादित प्रकरण में लगातार उठ रहे सवालों के बीच एसपी देहात का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच के दौरान कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं और संबंधित पक्षों के बयानों व स्वतंत्र साक्ष्यों से मामले की वास्तविक स्थिति कितनी स्पष्ट हो पाती है।
देहरादून पुलिस ने निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित जांच के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
बाईट :जया बलूनी, एसपी देहात, देहरादून..











