
प्रेमनगर के टी-स्टेट इलाके में पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई, घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती; तमंचा, बाइक, कुल्हाड़ी और छुरियां बरामद..
देहरादून: राजधानी देहरादून में गौकशी और गौतस्करी के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए देर रात पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल आरोपी की पहचान इरशाद पुत्र मोहम्मद जमशेद (32 वर्ष), निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, उसका दूसरा साथी शमीम अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया है।


पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की देर रात ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम को तमंचा दिखाया और मौके से फरार होने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया.इस दौरान दरू चौक से मीठीबेरी की तरफ टी-स्टेट क्षेत्र में पहुंचने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी इरशाद के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी शमीम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गय.इस कार्यवाही के बाद घायल आरोपी को तत्काल पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचाया। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।
प्रेमनगर क्षेत्र की गौकशी की घटनाओं में था शामिल
पुलिस के मुताबिक, घायल इरशाद इसी माह थाना प्रेमनगर क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर हुई गौकशी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में हुई घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
तमंचे से लेकर गौकशी के औजार तक बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके से एक 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UK-17-J-0297, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी भी बरामद की गई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश और कॉम्बिंग कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस घायल आरोपी से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और गौकशी की घटनाओं से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना पुलिस के सामने अगली चुनौती है।













